महिला की हत्या के आरोपित ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

 


मीरजापुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। अहरौरा थाना क्षेत्र के बरही गांव में महिला की हत्या के मामले में नामजद आरोपित ने मंगलवार को ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

बताया गया कि बरही गांव स्थित बेचूबीर बाबा धाम के सामने सोमवार सुबह रेखा देवी (पत्नी संतोष कुमार आदिवासी) का शव गेहूं के खेत में मिला था। घटना के समय मृतका का पति महाराष्ट्र के नासिक में मजदूरी कर रहा था। सूचना मिलने पर वह देर शाम मीरजापुर पहुंचा और पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार चुनार में किया गया।

इसी बीच मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे हत्या के आरोपित नागेंद्र कोल ने सक्तेशगढ़ रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की। नागेंद्र के पिता कल्लू ने बताया कि वह पांच अप्रैल की भोर में घर से निकला था, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला था।

ग्रामीणों के अनुसार नागेंद्र का मृतका रेखा देवी से संबंध था। रेखा गांव में नशा मुक्ति अभियान और महिला अधिकारों को लेकर सक्रिय रहती थी। थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि हत्या के आरोपित का शव सक्तेशगढ़ में मिला है। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा