अंजान व्यक्ति से किसी भी स्थिति में अपना ओटीपी साझा न करें : कनिष्क जामकर

 


मीरजापुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के छानबे क्षेत्र में विजयपुर स्थित महावीर प्रसाद त्रिपाठी महाविद्यालय में बुधवार को आयोजित सुरक्षा कार्यशाला में साइबर अपराध से बचाव के गुर सिखाए गए। कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईपीएस कनिष्क जामकर ने छात्रों को आगाह करते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में अपना ओटीपी साझा न करें। “डिजिटल अरेस्ट” जैसी बातों से डरने की जरूरत नहीं है, यह महज ठगी का तरीका है।

उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की ठगी या संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। बच्चों से जुड़े मामलों में पॉक्सो एक्ट लागू होने की भी जानकारी दी गई। साइबर क्राइम थाना प्रभारी राम नरायन सरोज ने ऑनलाइन गेमिंग से दूरी बनाने, अनजान लिंक न खोलने और निजी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हैकर इसी जानकारी का फायदा उठाकर फिशिंग के जरिए लोगों को निशाना बनाते हैं।

प्रबंध समिति के अध्यक्ष डा. मनीष चतुर्वेदी ने कहा कि किसी भी समस्या या गलती की स्थिति में छात्रों को तुरंत माता-पिता और शिक्षकों को जानकारी देनी चाहिए। प्रबंधक ऋषभ चतुर्वेदी ने अश्लील मैसेज भेजने वालों के खिलाफ साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही।

कार्यशाला में एसआई जयदीप सिंह, आरक्षी संदीप मौर्या और साइबर विशेषज्ञ रंजीत यादव ने भी विद्यार्थियों को जानकारी दी। कार्यक्रम में प्राचार्य डा. शैलेंद्र पांडेय सहित अन्य शिक्षक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

————————————

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा