कमरे में फंदे से लटका मिला हाईस्कूल की छात्रा का शव, जांच में जुटी पुलिस

 


कानपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के शिवराजपुर थाना क्षेत्र में शाह निवादा गांव में बुधवार को दसवीं की छात्रा का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। आत्मघाती कदम उठाने के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

शिवराजपुर थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि, शाह निवादा गांव निवासी चंद्रशेखर की पुत्री पूर्णिमा 10वीं की छात्रा थी। आज वह घर के एक कमरे में गई थी। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा खोला तो वह छत के कुंडे से साड़ी के सहारे बने फंदे पर लटकी मिली। परिजन उसे तत्काल नीचे उतारकर बचाने का प्रयास करते हुए अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है और आत्महत्या के कारण भी स्पष्ट नहीं हो सका हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप