गोरखपुर : एमपी महाविद्यालय में 26 अगस्त को होगा छात्रसंघ चुनाव
गोरखपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। भारतीय लोकतंत्र की प्राथमिक पाठशाला छात्र संघ चुनाव में नवाचार की अद्भुत झलक महाराणा प्रताप महाविद्यालय, जंगल धूसड़ गोरखपुर में 26 अगस्त को देखने को मिलेगी। यहां महाराणा प्रताप महाविद्यालय एवं महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के सहयोग से विकसित पूर्णतः स्वदेशी ऑनलाइन सॉफ्टवेयर की मदद से ऑनलाइन मतदान के रूप में छात्रसंघ चुनाव संपन्न होगा।
यह जानकारी चुनाव अधिकारी डॉ. शिव कुमार बर्नवाल ने सोमवार को दी। उन्होंने बताया कि पूरे चुनाव प्रक्रिया में कक्षाओं के संचालन में कोई बाधा नहीं उत्पन्न होगी। सभी कक्षाएं अपने निर्धारित समय सारणी के अनुसार संचालित होती रहेंगीं। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव दो चरणों में सम्पन्न होगा। पहले चरण में 25 अगस्त को कक्षा प्रतिनिधियों का चुनाव तथा सायं 03 से 05 बजे तक अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री व पुस्कालय मंत्री पद के लिए नामांकन होगा।
चुनाव अधिकारी ने बताया कि 26 अगस्त को प्रातः 09 बजे से 10:30 बजे तक प्रत्याशियों द्वारा नाम वापस लिया जा सकेगा। तत्पश्चात 11:00 बजे तक प्रत्याशियों के प्रत्याशिता की जांच के पश्चात वैध प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी। 26 अगस्त को ही 1:30 से प्रत्याशियों का योग्यता भाषण आयोजित किया जाएगा, सभी प्रत्याशियों को साधारण सभा में अपनी बात अधिकतम 10 मिनट में रखनी होगी। यही चुनाव प्रचार का एकमात्र माध्यम होगा। 26 अगस्त सायं 05 बजे से रात्रि 08 बजे तक सॉफ्टवेयर के माध्यम से ऑनलाइन मतदान सम्पन्न होगा तथा रात्रि 09 बजे तक चुनाव परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। चुनाव अधिकारी डॉ. शिव कुमार बर्नवाल ने बताया कि इस बाबत सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय