गंगा नहाते समय परीक्षार्थी की डूबकर मौत

 


मीरजापुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में जिगना थाना क्षेत्र के मिश्रपुर गांव के सामने शनिवार को गंगा नदी में स्नान के दौरान डूबने से हाईस्कूल के एक परीक्षार्थी की मौत हो गई। छात्र का शव मिलने पर भदोही जिला की कोइरौना थाना में आने के चलते अग्रिम कार्रवाई शव कब्जे में लेकर की गई।

सुरियावां थाना क्षेत्र के भुआली गांव (जनपद भदोही) निवासी विशाल (16) पुत्र उदय नारायण यादव स्थानीय नवादा इंटर कॉलेज में हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा दे रहा था। शनिवार को प्रथम पाली की परीक्षा देने के बाद वह दो अन्य परीक्षार्थियों के साथ मिश्रपुर घाट पर स्नान करने चला गया। बताया जाता है कि तैरते समय वह मध्य धारा की ओर चला गया और गहरे पानी में डूबने लगा।

साथियों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद मछुआरों ने खोजबीन शुरू की। करीब एक बजे दिन में मध्य धारा से उसका शव तलाश निकाला गया। पिता उदय नारायण ने बताया कि सूचना मिलते ही परिवार के लोग घाट पर पहुंच गए, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

कोइरौना थाना प्रभारी कमल टावरी ने बताया कि घटना स्थल भदोही जिले के कोइरौना थाना क्षेत्र में पड़ता है, इसलिए शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जिगना थाना प्रभारी संजय सिंह ने भी क्षेत्रीय स्थिति स्पष्ट की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा