प्रायोगिक परीक्षा देकर लौट रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत
मीरजापुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में अदलहाट थाना क्षेत्र के पथरौरा गांव के पास मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बीएससी एग्रीकल्चर के एक छात्र की मौत हो गई। वह प्रायोगिक परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहा था।
जमुड़ी गांव निवासी 21 वर्षीय पीयूष यादव, आदर्श जनता महाविद्यालय कोलना में बीएससी एग्रीकल्चर प्रथम वर्ष का छात्र था। मंगलवार सुबह वह कॉलेज में प्रायोगिक परीक्षा देने गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद घर लौटते समय वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर पथरौरा गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर पड़ा और ट्रेलर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और वाहन को कब्जे में ले लिया। मृतक के चाचा उमेश यादव की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
अदलहाट थानाध्यक्ष अजय कुमार सेठ ने बताया कि ट्रेलर की टक्कर से छात्र की मृत्यु हुई है। वाहन को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा