सड़क हादसे में छात्रा की मौत, सहेली घायल
मीरजापुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। अहरौरा थाना क्षेत्र के जंगल महाल गांव स्थित करहिया घाटी में शुक्रवार को सड़क हादसे में साइकिल सवार छात्रा की मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली घायल है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
चुनार थाना क्षेत्र के बहेरा गांव निवासी पिंकी कुमारी (17) अपनी सहेली सुमन कुमारी (16) के साथ साइकिल से स्कूल जा रही थीं। पहाड़ी रास्ते पर साइकिल अनियंत्रित होकर चट्टान से टकरा गई। साइकिल चला रही सुमन घायल हो गई, जबकि पीछे बैठी पिंकी गिरकर पत्थर से टकरा गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पिंकी कक्षा आठ उत्तीर्ण करने के बाद बनईमिलिया स्थित स्कूल में प्रवेश लेने जा रही थी। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को गुड फ्राइडे के अवकाश के बावजूद विद्यालय में बच्चों को बुलाया गया, जिससे आक्रोश फैल गया और हंगामा शुरू हो गया। घटना स्थल तीन गांव-बनईमिलिया, बलुआ बजाहुर और जंगल महाल की सीमा पर होने के कारण प्रारंभ में पुलिस को क्षेत्राधिकार तय करने में भी दिक्कत हुई। बाद में ग्राम प्रधानों के हस्तक्षेप से स्थिति स्पष्ट हुई।
सूचना पर पहुंचे अहरौरा थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ वार्ता कर मामला शांत कराया। परिजनों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से आर्थिक सहायता दिलाने के बाद स्थिति सामान्य हुई। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर चले गए। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा