फर्रुखाबाद में मेडिकल कॉलेज के छात्र ने फांसी लगाकर दी जान

 


फर्रुखाबाद, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में मऊदरवाजा थाना क्षेत्र स्थित मेजर एसडी सिंह पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के कमरे में शनिवार को 23 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच कर रही है।

मऊदरवाजा थानाध्यक्ष राम सहाय ने बताया कि मृतक की पहचान आगरा के गुरु गोविंद नगर, उखरा मार्ग, राजपुर चुंगी निवासी हरिओम सिंह के रूप में हुई। हरिओम के मित्र शौर्य दीक्षित और बृज हरगोविंद पाराशर शनिवार दोपहर करीब 1:14 बजे उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक डॉ. दीपक तिवारी ने परीक्षण के बाद छात्र काे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मेडिकल कॉलेज के छात्र और शिक्षक भी अस्पताल पहुंच गए। कुछ ही देर में वहां कॉलेज के विद्यार्थियों और कर्मचारियों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी।

पूछताछ में दोस्तों ने बताया कि वह पिछले दो दिनों से परेशान चल रहा था। उसने कई लोगों से ऑनलाइन रुपये ले रखे थे। इसी वजह से वह शनिवार को कक्षा में नहीं गया था। दोपहर को जब वे लोग कमरे में पहुंचे तो देखा कि हरिओम का शव वाईफाई की केबल के सहारे फांसी पर लटक रहा था।

थानाध्यक्ष राम सहाय ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर