देवरिया में अधिवक्ता की मौत पर सख्त कार्रवाई, एसडीएम बरहज निलंबित

 




देवरिया, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में बरहज थाना क्षेत्र में अधिवक्ता विजेंद्र सिंह की मौत के मामले में प्रदेश सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए बरहज के एसडीएम विपिन कुमार द्विवेदी को निलंबित कर दिया है। शासन ने प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए हैं।

यह मामला बरहज तहसील के ग्राम लक्ष्मीपुर से जुड़ा है, जहां राजस्व अभिलेखों में दर्ज नाली और नलकूप की जमीन पर पक्की सड़क निर्माण को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान एसडीएम और अधिवक्ता विजेंद्र सिंह के बीच तीखी बहस हुई। आरोप है कि एसडीएम की फटकार के बाद अधिवक्ता को दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।

घटना के बाद प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की थी, जिसमें अपर आयुक्त प्रशासन, पुलिस अधीक्षक नगर और अपर जिलाधिकारी नगर गोरखपुर शामिल थे। समिति ने अपनी रिपोर्ट में एसडीएम की भूमिका को प्रथम दृष्टया संदिग्ध मानते हुए लापरवाही का जिम्मेदार ठहराया।

रिपोर्ट के आधार पर शासन ने एसडीएम विपिन कुमार द्विवेदी को निलंबित कर

नियम-7 के तहत विभागीय जांच के आदेश देते हुए प्रयागराज मंडल के कमिश्नर को जांच अधिकारी नामित किया है। निलंबन अवधि में संबंधित अधिकारी को राजस्व परिषद से संबद्ध किया गया है।

जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने शनिवार को उक्त मामले एसडीएम के निलंबन की पुष्टि की है। -----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक