स्ट्रॉबेरी की खेती से चमकी किसानों की किस्मत, 90 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर दे रही सरकार

 


मीरजापुर, 22 जुलाई (हि.स.)। किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार पारंपरिक खेती के साथ बागवानी को भी बढ़ावा दे रही है। इसका असर मीरजापुर में साफ दिखाई दे रहा है, जहां किसान तेजी से स्ट्रॉबेरी की खेती अपनाकर बेहतर आमदनी हासिल कर रहे हैं।

जिला उद्यान अधिकारी मेवाराम ने बताया कि जनपद में वर्तमान में 190 किसान 100 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में स्ट्रॉबेरी की खेती कर रहे हैं। वर्ष 2026-27 में इसका रकबा बढ़ाकर 150 एकड़ करने का लक्ष्य रखा गया है। किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार प्रति हेक्टेयर 90 हजार रुपये का अनुदान दे रही है। इससे शुरुआती लागत कम हो रही है और किसान आधुनिक बागवानी की ओर आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्ट्रॉबेरी की एक फसल से किसान प्रति एकड़ 12 से 14 लाख रुपये तक का शुद्ध लाभ कमा रहे हैं।

बाजार में बढ़ी मांग, रोजगार के भी खुले अवसर

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि मीरजापुर की जलवायु और मिट्टी स्ट्रॉबेरी उत्पादन के लिए अनुकूल है। बाजार में इसकी सालभर अच्छी मांग बनी रहती है, जिससे किसानों को बेहतर दाम मिल रहे हैं। उद्यान विभाग किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण पौधे और प्रशिक्षण भी उपलब्ध करा रहा है। स्ट्रॉबेरी की तुड़ाई, पैकिंग और विपणन से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं। मीरजापुर की स्ट्रॉबेरी अब आसपास के जिलों के साथ-साथ बड़े शहरों के बाजारों तक पहुंच रही है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले वर्षों में स्ट्रॉबेरी की खेती का दायरा और बढ़ेगा, जिससे किसानों की आय में और वृद्धि होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा