प्रदेश की पहली विकसित ग्राम पंचायत योजना के लिए चुना गया मीरजापुर का बघेड़ा खुर्द
मीरजापुर, 02 नवंबर (हि.स.)। मीरजापुर जिले में जिगना क्षेत्र के बघेड़ा खुर्द गांव को प्रदेश में पहली विकसित ग्राम पंचायत प्लान (वीजीपीपी) लागू करने के लिए चयनित किया गया है। सोमवार को पंचायत भवन में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में ग्रामीणों की मौजूदगी में गांव के सर्वांगीण विकास की रूपरेखा तैयार की गई।
कार्यशाला में बीडीओ रामपाल ने बताया कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए बघेड़ा खुर्द को मॉडल ग्राम पंचायत के रूप में विकसित किया जाएगा। ग्राम विकास विभाग की इस पहल में आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धति से गांव की विकास योजना तैयार होगी। इसमें ग्रामीणों की जरूरतों और उनकी भागीदारी को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया (टीआरआई) योजना को धरातल पर उतारने में तकनीकी सहयोग देगा। इस मॉडल को प्रदेश की अन्य ग्राम पंचायतों में भी लागू करने की योजना है। ग्रामीण विकास मंत्रालय से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर झारखंड के निहार महाराणा और मध्य प्रदेश के हरि विलास द्विवेदी ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षकों ने तकनीकी टीम और ग्रामीणों के साथ वाटरगेट पद्धति से गांव के ऊपरी हिस्से से घाटी तक भ्रमण किया। इस दौरान प्राकृतिक संसाधनों, उपलब्ध सुविधाओं और ग्रामीणों की जरूरतों का आकलन किया गया। कार्यशाला में ग्राम प्रशासक बांके बिहारी मिश्रा और ग्राम पंचायत सचिव दिनेश कुमार सहित ग्रामीण मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा