मनीराम कोल को भाजपा एसटी मोर्चा में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
मीरजापुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। हलिया क्षेत्र के भटवारी गांव निवासी मनीराम कोल को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अनुसूचित जनजाति मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। संगठन में प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी मिलने के बाद क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें बधाई दी।
मनीराम कोल लंबे समय से राजनीति और संगठन से जुड़े रहे हैं। वह पूर्व में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा छानबे विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। अब भाजपा एसटी मोर्चा में प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारी मिली है।
मनीराम कोल की नई जिम्मेदारी का क्षेत्रीय संदर्भ भी महत्वपूर्ण है। हलिया क्षेत्र में आदिवासी आबादी के साथ सोनभद्र और मध्य प्रदेश की सीमा से जुड़े इलाकों में भी कोल समाज की अच्छी संख्या है। ऐसे में प्रदेश संगठन में जिम्मेदारी मिलने के बाद उनसे अनुसूचित जनजाति समाज के बीच संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की अपेक्षा की जा रही है।
प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने की जानकारी के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बधाई दी। जिला कार्यसमिति सदस्य ताराचंद्र अग्रहरी, मंडल अध्यक्ष दिनेश अग्रहरी, महा नारायण भारती समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने शुभकामनाएं दीं।
--------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा