राज्य तैराकी चैंपियनशिप में चुनार के खिलाड़ियों का जलवा, सात पदक जीते

 


मीरजापुर, 25 जुलाई (हि.स.)। लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित 55वीं जूनियर राज्य स्तरीय तैराकी चैंपियनशिप में चुनार के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य समेत कुल सात पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। सभी पदक विजेता चुनार और ईश्वरपट्टी गांव के निवासी हैं।

टीम मैनेजर लक्ष्मी शंकर तथा कोच बलवंत निषाद और नंदलाल ने शनिवार काे बताया कि ग्रुप-प्रथम में रानी निषाद ने 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में स्वर्ण और 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में रजत पदक जीता। अभिशंक साहनी ने 400 मीटर इंडिविजुअल मेडले (आईएम) में रजत पदक हासिल किया, जबकि करंट साहनी ने 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया।

ग्रुप-द्वितीय में शिवकांत निषाद ने 100 मीटर बैक स्ट्रोक में स्वर्ण पदक जीतने के साथ 100 मीटर फ्री स्टाइल में कांस्य पदक भी हासिल किया। वहीं हर्ष निषाद ने 100 मीटर बैक स्ट्रोक स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर मीरजापुर की पदक संख्या सात तक पहुंचा दी।

जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष कैलाश नाथ ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का ही परिणाम है कि वे लगातार प्रदेश स्तर पर मीरजापुर का गौरव बढ़ा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा