मीरजापुर में उप निबंधन कार्यालय भवन का भूमिपूजन, राज्यमंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने किया शिलान्यास

 


- आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन बनने से लोगों को मिलेगी बेहतर पंजीयन व्यवस्था

मीरजापुर, 06 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क तथा पंजीयन विभाग रवीन्द्र जायसवाल ने रविवार को मीरजापुर जिले में निबंधन विभाग से संबंधित प्रस्तावित नए भवनों के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए उप महानिरीक्षक निबंधन, सहायक महानिरीक्षक निबंधन एवं उप निबंधक कार्यालय सदर के भवन का भूमिपूजन कर शिलान्यास किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ निबंधन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

भूमिपूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री ने कहा कि निबंधन विभाग आम लोगों से सीधे जुड़ा महत्वपूर्ण विभाग है। जमीन, मकान और अन्य संपत्तियों के पंजीयन से संबंधित कार्यों के लिए बड़ी संख्या में लोगों को रजिस्ट्री कार्यालयों में आना पड़ता है। ऐसे में कार्यालय भवनों का बेहतर और सुविधाजनक होना जरूरी है। नए भवन के निर्माण से अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्य करने के लिए बेहतर वातावरण मिलने के साथ ही आम नागरिकों को भी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि सरकार सरकारी कार्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और नागरिकों को पारदर्शी एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। निबंधन कार्यालयों में आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो और उन्हें निर्धारित समय में सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें, इसके लिए कार्यालयों की व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, पहाड़ी ब्लाक प्रमुख इन्द्र बहादुर पाण्डेय और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सिंह समेत निबंधन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रस्तावित भवन निर्माण से संबंधित जानकारी भी साझा की। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों ने राज्यमंत्री को कार्यालय की वर्तमान व्यवस्था और निबंधन कार्यों से संबंधित जानकारी दी। नए भवन के निर्माण से विभागीय कार्यों के संचालन में सुविधा मिलने तथा पंजीयन से संबंधित सेवाओं को और व्यवस्थित तरीके से संचालित किए जाने की उम्मीद जताई गई।

इस अवसर पर उप महानिरीक्षक निबंधन, सहायक महानिरीक्षक निबंधन, उप निबंधक सदर सहित रजिस्ट्री कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा