जनगणना-2027 में संस्कृत की वास्तविक भाषायी पहचान दर्ज कराने की सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय की अपील
कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा बोले- संस्कृत का गौरव, भारत का गौरव है, वास्तविक भाषायी ज्ञान के आधार पर कराएं अभिलेखन
वाराणसी, 14 नवंबर (हि.स.)। जनगणना-2027 में संस्कृत भाषा की वास्तविक उपस्थिति और भाषायी पहचान का समुचित अभिलेखन सुनिश्चित कराने के लिए सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी ने व्यापक जन-जागरूकता की अपील की है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने देशवासियों से आग्रह किया है कि वे जनगणना के दौरान अपनी भाषायी जानकारी का सही और प्रामाणिक विवरण दर्ज कराएं तथा संस्कृत को उचित स्थान दिलाने में सहभागी बनें।
कुलपति प्रो. शर्मा ने कहा कि संस्कृत का गौरव, भारत का गौरव है। संस्कृत का संरक्षण केवल एक भाषा का संरक्षण नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक अस्मिता, सभ्यतागत स्मृति और समृद्ध ज्ञान परम्परा को सुरक्षित रखने का महत्वपूर्ण दायित्व है। संस्कृत महज संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता की आत्मा, सांस्कृतिक विरासत की संवाहिका और ज्ञान की अनन्त सम्भावनाओं का अक्षय स्रोत है।
उन्होंने कहा कि वेदों और उपनिषदों से लेकर रामायण, महाभारत, आयुर्वेद, ज्योतिष, गणित, व्याकरण, साहित्य एवं दर्शन तक भारतीय मनीषा का अप्रतिम ज्ञान-वैभव संस्कृत भाषा में संरक्षित है। वर्तमान समय में भी देश के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, गुरुकुलों और पारम्परिक पाठशालाओं में संस्कृत का अध्ययन-अध्यापन एवं शोध कार्य निरंतर जारी है।
जनगणना में वास्तविक भाषायी जानकारी दर्ज कराना सामूहिक दायित्व
कुलपति ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना का माध्यम नहीं है, बल्कि यह देश की सामाजिक, भाषायी और सांस्कृतिक संरचना का प्रामाणिक राष्ट्रीय दस्तावेज भी है। ऐसे में जनगणना-2027 में संस्कृत की वास्तविक भाषायी उपस्थिति का सही अभिलेखन कराना प्रत्येक संस्कृत प्रेमी और भाषा के जानकार व्यक्ति का सामूहिक दायित्व है।
मातृभाषा और ज्ञात भाषा के रूप में संस्कृत का कराएं उल्लेख
अपनी अपील में कुलपति ने कहा कि जिनकी मातृभाषा संस्कृत है, वे जनगणना में मातृभाषा के रूप में संस्कृत का उल्लेख अवश्य करें। वहीं, जिन लोगों को संस्कृत का ज्ञान है और वे इसे पढ़, लिख, बोल अथवा समझ सकते हैं, वे अपनी अन्य ज्ञात भाषाओं के साथ संस्कृत को भी दर्ज कराएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्कृत का उल्लेख व्यक्ति के वास्तविक भाषायी ज्ञान पर आधारित होना चाहिए। इसका उद्देश्य आंकड़ों में कृत्रिम वृद्धि करना नहीं, बल्कि संस्कृत भाषा की वास्तविक स्थिति को प्रमाणिकता के साथ राष्ट्रीय अभिलेखों में स्थान दिलाना है।
संस्थानों से जन-जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान
प्रो. शर्मा ने देश के सभी संस्कृत विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, विद्यालयों, गुरुकुलों, पाठशालाओं, शिक्षक संगठनों, शोध संस्थानों तथा सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों से इस पहल को व्यापक जन-जागरूकता अभियान का रूप देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी संस्थान अपने शिक्षकों, विद्यार्थियों, पूर्व विद्यार्थियों, शोधार्थियों और अभिभावकों को इस विषय में जागरूक करें। इसके लिए सूचना-पट्टों, शैक्षणिक आयोजनों, संगोष्ठियों, परिचर्चाओं और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग जनगणना में अपनी वास्तविक भाषायी जानकारी दर्ज कराने के प्रति जागरूक हो सकें।
कुलपति ने कहा कि संस्कृत केवल हमारे अतीत का गौरव नहीं, बल्कि वर्तमान की सांस्कृतिक चेतना और भविष्य की ज्ञान-संभावनाओं का भी सशक्त आधार है। उन्होंने देशवासियों से संस्कृत के गौरव को अपनी पहचान बनाने तथा इस समृद्ध भाषायी एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक रूप से संकल्पबद्ध होने की अपील की।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी