उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का अस्तित्व नहीं, वर्ष 2027 में फिर बनेगी भाजपा की सरकार : अपर्णा यादव

 




श्रावस्ती, 24 नवंबर (हि.स.)। नेशनल मेडिकोज ऑर्गनाइजेशन एवं श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को भिनगा स्थित जूनियर हाईस्कूल परिसर में गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 7.0 के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव शामिल हुईं। आयोजन समिति की ओर से बुके भेंटकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

इस दौरान अपर्णा यादव ने स्वास्थ्य मेले का जायजा लिया और चिकित्सा सेवाओं की जानकारी ली। मेले में एम्स, पीजीआई, मेडिकल कॉलेज, लोहिया संस्थान और विजयलक्ष्मी आई हॉस्पिटल सहित विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर और रक्त संबंधी जांच निःशुल्क की गईं। चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श देने के साथ मुफ्त दवाओं का वितरण भी किया। मेले में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने पहुंचे।

2027 में प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार

पत्रकारों से बातचीत के दौरान अपर्णा यादव ने राजनीतिक सवालों पर बेबाकी से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ दोबारा सरकार बनाएगी। प्रदेश में एक बार फिर भाजपा का कमल खिलेगा और जनता अपना जवाब देगी। सपा-कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का अस्तित्व समाप्त हो चुका है। प्रदेश में कांग्रेस पार्टी है ही नहीं।

महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने वालों को दी नसीहत

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर अपर्णा यादव ने कहा कि महिलाओं के प्रति निम्न स्तर की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने रावण का उदाहरण देते हुए कहा कि जब इतना ज्ञानी रावण नहीं बचा तो ये लोग क्या हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपनी नेतागिरी चमकाने के लिए महिलाओं के बारे में इस तरह की टिप्पणियां करते हैं, जो उचित नहीं है।

पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, निभाने को तैयार

भविष्य में पार्टी में मिलने वाली जिम्मेदारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि संगठन उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगा, वह उसे निभाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने लोगों से भाजपा का कमल खिलाने में सहयोग करने और राष्ट्रवादी सरकार बनाने की अपील की। इस अवसर पर स्वास्थ्य सेवा यात्रा से जुड़े पदाधिकारी, विशेषज्ञ चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक