प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त, सरकार कर रही है मनमाने तरीके से काम - प्रो. रामगोपाल यादव
फिरोजाबाद, 20 सितंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने रविवार को कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। सरकार संविधान के हिसाब से नहीं, बल्कि मनमानी तरीके से काम कर रही है, इसीलिए लोगों को इंसाफ नहीं मिल पा रहा है। जनता इस बात को समझ चुकी है और भाजपा सरकार को हटाने का मन बना रही है।
प्रो. राम गोपाल यादव रविवार को फिरोजाबाद में थे। इस दौरान वह मीडिया से भी रूबरू हुए। उन्होंने प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर दिए गए बयान का जवाब देते हुए कहा कि कुछ लोगों की बात का संज्ञान नहीं लेना चाहिए, क्योंकि उनकी कोई हैसियत नहीं होती। उन्होंने कहा कि मीडिया को भी ऐसे लोगों के बयानों को तवज्जो नहीं देनी चाहिए।
अलीगढ़ के बन्नादेवी थाने के सामने से एक पीड़ित द्वारा कार्यवाही न होने के वायरल वीडियो पर कहा कि यह सरकार संविधान के हिसाब से नहीं, बल्कि मनमानी तरीके से काम कर रही है। इसीलिए लोगों को इंसाफ नहीं मिल पा रहा है। जनता इस बात को समझ चुकी है और सरकार को हटाने का मन बना रही है। मुख्यमंत्री को अपनी कुर्सी के नीचे नहीं दिख रहा है कि प्रदेश में क्या हो रहा है। लोग डर की वजह से घरों से नहीं निकल पा रहे हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराध, बलात्कार, फर्जी एनकाउंटर, चोरी-डकैती, चेन स्नैचिंग में प्रदेश नंबर वन है।
मेरठ सेंट्रल मार्केट में व्यापारियों द्वारा भाजपा को वोट देने के बाद भी मार्केट पर बुलडोजर की कार्रवाई होने के सवाल पर सपा महासचिव ने कहा कि जो लोग गलत लोगों का साथ देते हैं, उनके साथ ऐसा ही होता है। सपा महासचिव ने यूजीसी कानून को लेकर कहा कि सरकार जो भी नए कानून बना रही है, वो कुछ लोगों के खिलाफ और कुछ लोगों के पक्ष में हैं। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव, मीना राजपूत, सतेंद्र जैन सोली सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़