सोनभद्र: कुएं में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
सोनभद्र, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत एक पेट्रोल पंप के पास स्थित एक कुएं में बुधवार की सुबह अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। सूचना पर पहुंची ने फायरब्रिगेड व स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया और उसकी पहचान का प्रयास किया गया।
चोपन थाना प्रभारी के अनुसार, क्षेत्र के अग्रवाल मार्केट में स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास एक कुएं से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को शक हुआ। जब लोगों ने कुएं के अंदर देखा तो एक व्यक्ति का शव पानी में दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।
पुलिस ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच लग रही है। शव पूरी तरह सड़-गल चुका है जिसके कारण उसकी पहचान करने मे मुश्किल हो रही है। मृतक पैंट-शर्ट पहने हुए था। तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
पुलिस आसपास के थानों और गुमशुदगी के मामलों की भी जांच कर रही है ताकि मृतक की पहचान हो
सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी