मीरजापुर में 10 हजार घरों की छतों पर लगे सोलर पैनल, 800 और लगाने की तैयारी

 


मीरजापुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक परिवारों तक पहुंचाने के लिए शुक्रवार को विकास भवन में जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिला प्रशासन, यूपीनेडा, बैंक, बिजली विभाग और सोलर वेंडरों ने आवेदन, सब्सिडी, ऋण सुविधा और सोलर स्थापना से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की।

मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह ने कहा कि योजना की सफलता के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय जरूरी है। पात्र परिवारों के आवेदनों का समय से निस्तारण और गुणवत्तापूर्ण सोलर स्थापना सुनिश्चित की जाए। जिला विकास अधिकारी राजीव कुमार शर्मा ने योजना की जानकारी ब्लॉक और ग्राम स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया।

यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि जिले में अब तक 10 हजार से अधिक रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं, जबकि 800 से अधिक पैनल लगाने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने लोगों से आधिकारिक पोर्टल और पंजीकृत वेंडरों के माध्यम से ही आवेदन करने की अपील की। इंडियन बैंक के लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर आनंद कुमार झा ने बताया कि पात्र आवेदक सोलर स्थापना के लिए ऋण सुविधा हेतु बैंक शाखा से संपर्क कर सकते हैं।

कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने सब्सिडी, बैंक ऋण और स्थापना की समय-सीमा से जुड़े सवाल पूछे। आयोजकों ने बताया कि यूपीएक्सपो 2026 का आयोजन 4 से 6 दिसंबर तक वाराणसी में होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा