सर्पदंश के बाद बिगड़ी हालत, मंडलीय अस्पताल पहुंचने से पहले महिला की मौत
मीरजापुर, 20 अगस्त (हि.स.)। हलिया थाना क्षेत्र के सोनगढ़ा गांव में बुधवार की रात सर्पदंश की शिकार हुई 26 वर्षीय महिला की गुरुवार को हालत बिगड़ने के बाद मंडलीय चिकित्सालय ले जाते समय मौत हो गई। महिला अपने मायके सोनगढ़ा आई हुई थी।
सोनगढ़ा गांव निवासी मीना बुधवार रात करीब दो बजे घर में सो रही थी। इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया। जानकारी होने पर परिजन उसे ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के नौगवां गांव स्थित ससुराल ले गए, जहां एक वैद्य से दवा पिलाई गई। इसके बाद उसकी हालत सामान्य होने पर परिजन उसे वापस मायके सोनगढ़ा ले आए।
गुरुवार करीब 11 बजे अचानक मीना की तबीयत फिर बिगड़ गई। परिजन उसे 108 एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया लेकर पहुंचे। चिकित्सक डॉ. रीना ने प्राथमिक उपचार के साथ एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन दिया। हालत गंभीर होने पर उसे मंडलीय चिकित्सालय मीरजापुर रेफर कर दिया गया।
मीना के भाई संतोष ने बताया कि बुधवार रात सर्पदंश के बाद बहन को नौगवां ले जाया गया था। वहां दवा पिलाने के बाद उसकी हालत सामान्य हो गई थी, लेकिन गुरुवार को अचानक फिर तबीयत बिगड़ गई।
चिकित्सक डॉ. रीना ने बताया कि सर्पदंश के बाद महिला को पीएचसी लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए मंडलीय चिकित्सालय रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही मीना ने दम तोड़ दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा