फर्रुखाबाद में सर्पदंश से पीड़ित के साथ डिब्बे में बंद कर जिंदा सांप लेकर अस्पताल पहुंचा दोस्त , डॉक्टर हुए हैरान
फर्रुखाबाद , 16 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में रविवार काे बाढ़ के बीच एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। अमृतपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम तीसराम की मड़ैया में एक युवक को नाव से उतरते समय सांप ने डस लिया। उसके दोस्त ने सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद कर दिया और घायल दोस्त के साथ उसे भी अस्पताल ले आया। अस्पताल में जिंदा सांप को देखकर डॉक्टर भी हैरान रह गए।
प्रदीप (22) अपने मित्र अनुज के साथ नाव से घर लौट रहा था। उनके गांव में गंगा का बाढ़ का पानी भरा हुआ है और आवागमन का एकमात्र साधन नाव ही है। जब वे गांव के पास पहुंचे और नाव से उतरे, तो बाढ़ के पानी में मौजूद एक सांप ने प्रदीप के पैर में डस लिया।
प्रदीप को सांप के डसने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। उसके दोस्त अनुज ने तुरंत सांप को पकड़ लिया और गांव वालों की मदद से उसे एक डिब्बे में बंद कर दिया। इसके बाद, ग्रामीण प्रदीप और डिब्बे में बंद सांप दोनों को लेकर जिला अस्पताल लोहिया पहुंचे। जहां डॉक्टर हैरान रह गए। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ऋषिकांत वर्मा ने बताया कि जिस सांप ने काटा है वह खतरा नाक है। पीड़ित युवक का उपचार चल रहा है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar