घर में खेल रहे पांच वर्षीय बच्चे को सांप ने डसा, मौत
औरैया, 22 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना कोतवाली क्षेत्र के एली गांव में शनिवार को घर में खेल रहे पांच वर्षीय बच्चे की सांप के डसने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक का नाम दिनेश दिवाकर (05) पुत्र सतीश दिवाकर है।
दिनेश शनिवार को घर में खेल रहा था। इसी दौरान किसी जहरीले सांप ने उसे डस लिया। घटना के समय बच्चे का पिता सतीश दिवाकर बुखार की दवा लेने डॉक्टर के पास गया था। घर पर उसकी पत्नी विभा और बेटी रीता मौजूद थी। बच्चे का बड़ा भाई भी घर से बाहर था। इसी दौरान सांप के डसने की जानकारी परिजनों को हुई।
परिजन बच्चे को लेकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना पहुंचे लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
कोतवाली प्रभारी विनेश कुमार ने बताया कि सर्पदंश से बच्चे की मौत का मामला संज्ञान में है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार