स्मार्ट मीटर के विरोध में महिलाओं ने किया प्रदर्शन
फिरोजाबाद, 02 मई (हि.स.)। जनपद में स्मार्ट मीटरों को लेकर ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों तक आमजन में आक्रोश है। शनिवार को ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा पुराने मीटरों कि अपेक्षा उन्हें स्मार्ट मीटर से परेशानी हो रही है। वह इसे बर्दाश्त नहीं करेंगी।
फिरोजाबाद शहर के कोटला चुंगी चौराहा पर महिलाओं ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ शनिवार को धरना शुरू कर दिया। महिलाओं ने स्मार्ट मीटर हटाने और पुराने मीटर दोबारा लगाने की मांग को लेकर नारेबाजी की। महिलाओं का आरोप था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में गड़बड़ी और अधिक बिलिंग की समस्या बढ़ गई है, जिससे आम उपभोक्ता परेशान हैं। सूचना मिलते ही थाना उत्तर प्रभारी अंजीश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। सिटी मजिस्ट्रेट बिनोद पांडेय और एएसपी सिटी रविशंकर प्रसाद भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने महिलाओं को समझा बुझाकर धरना समाप्त कराया।
वही टूंडला तहसील गांव चूल्हावली की महिलाएं भी स्मार्ट मीटर के विरोध में प्रदर्शन करते हुए मोहम्दाबाद विद्युत फीडर पहुंच गई। उन्होंने नारेबाजी की। कहा कि इस महंगाई में स्मार्ट मीटर उनका बजट बिगाड़ रहा है। उन्हें स्मार्ट मीटर की जगह वही पुराने मीटर चाहिए। सूचना पर एसडीएम अंकित वर्मा, विद्युत अधिकारी व पुलिस मौके पर पहुंची। जिन्होंने महिलाओं को समझा बुझाकर शांत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़