मानक के विपरीत मिली स्लीपर बस सीज, दो बसों का चालान
श्रावस्ती, 01 अक्टूबर (हि.स.)। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर गुरुवार को आरटीओ विभाग एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने स्लीपर बसों व अन्य यात्री वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया।
क्षेत्राधिकारी यातायात अवधेश सिंह के नेतृत्व में टीम ने गुरुवार को विभिन्न यात्री वाहनों की जांच की। इस दौरान निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर एक स्लीपर बस को सीज कर आरटीओ कार्यालय में खड़ा कराया गया। वहीं, नियमों का उल्लंघन मिलने पर दो अन्य बसों का चालान किया गया।
चेकिंग अभियान के दौरान टीम ने वाहन चालकों और संचालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही वाहनों का संचालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा को लेकर वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक