मीरजापुर: लापता युवक का गंगा किनारे मिला कंकाल, चांदी के दांत और कपड़ों से हुई पहचान
मीरजापुर, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में चील्ह थाना क्षेत्र के गहिया गांव स्थित गंगा घाट पर शनिवार को एक नर कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। कंकाल की पहचान देहात कोतवाली क्षेत्र के बेदौली गांव निवासी 23 वर्षीय शिवम यादव पुत्र शंभू शरण यादव के रूप में हुई। पहचान कपड़ों और एक दांत पर चढ़ी चांदी की परत के आधार पर की गई।
परिजन के अनुसार, बेटा शिवम 30 जून को घर से नाराज होकर बाइक लेकर निकला था और वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद 1 जुलाई को उसकी बाइक शास्त्री पुल पर लावारिस हालत में मिली थी, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया था। 2 जुलाई को देहात कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई और उसके गंगा में कूदने की आशंका गहरा गई।
परिजन का आरोप है कि एक सप्ताह पहले दलापट्टी गांव के सामने गंगा में मिले एक शव का वीडियो वायरल हुआ था। यदि पुलिस ने समय रहते उसका संज्ञान लिया होता तो शव सही अवस्था में मिल सकता था। पिछले दो दिनों से परिवार के लोग स्टीमर के जरिए गंगा में तलाश कर रहे थे। शनिवार दोपहर गहिया घाट पर एक नर कंकाल मिलने पर उन्होंने उसकी पहचान लापता बेटे शिवम के रूप में की। परिजन का कहना है कि शिवम के गले में सोने की चेन भी थी, जो नहीं मिली।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद परिजन के लिखित लिखित अनुरोध पर कंकाल अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।
चील्ह थाना प्रभारी बद्री प्रसाद ने बताया कि नदी में मिले कंकाल की पहचान पिता ने कपड़ों और दांत के आधार पर लापता बेटे के रूप में पहचान की है तथा तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मृतक शिवम अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी एक छोटी बहन है और 21 अप्रैल 2026 को ही उसका विवाह हुआ था। घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा