मीरजापुर सड़क हादसा : चार चिताओं पर एक साथ जले छह शव, फफक पड़ा जनसमूह
मीरजापुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। ड्रमंडगंज घाटी में हुए भीषण सड़क हादसे ने एक खुशहाल परिवार की सारी खुशियां पलभर में छीन लीं। मैहर धाम से मुंडन संस्कार कर लौट रहे परिवार के छह सदस्यों की जिंदा जलकर मौत के बाद गुरुवार को जैसे ही शव नरैना गांव स्थित पैतृक घर पहुंचे, पूरे गांव में कोहराम मच गया। सफेद कफन में लिपटे शवों को देखते ही परिजन बेसुध हो गए और हर आंख नम हो उठी।
अरुण सिंह के पुत्र शिवा के मुंडन संस्कार के लिए परिवार मैहर गया था। वापसी में यह दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में शिवा, उसकी मां वंदना, बीना सिंह, उनके बेटे पीयूष, बेटी सोनम और चचेरे भाई पंकज सिंह की मौत हो गई। वहीं अरुण सिंह की बहन प्रियंका और उनके बेटे कार्तिकेय का अंतिम संस्कार प्रयागराज में किया गया। बोलेरो चालक विष्णु सिंह का भी निधन हो गया। विमलेश्वर महादेव महाश्मशान घाट हरगढ़ पर चार चिताओं पर एक साथ छह शवों का अंतिम संस्कार किया गया। एक चिता पर शिवा और उसकी मां वंदना, दूसरी पर बीना और बेटी सोनम, तीसरी पर पीयूष और चौथी पर पंकज सिंह को मुखाग्नि दी गई। इस हृदयविदारक दृश्य को देख मौजूद लोग फफक पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा