दोना पत्तल का सामान लेकर जा रहे सीएनजी डीसीएम में लगी आग,चालक ने कूद कर बचाई जान

 


सीतापुर , 26 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर के संदना कस्बे में सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर बुधवार की आधी रात एक बडा हादसा हो गया, जब रालामऊ से सीतापुर जा रही सीएनजी डीसीएम वाहन में अचानक आग लग गई। वाहन पूरी तरह से जल कर खाक हो गया; गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

दोना-पत्तल फैक्ट्री से मटेरियल लादकर सीतापुर जाते समय चलते-चलते अचानक डीसीएम वाहन के इंजन में आग भड़क उठी। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया। लपटें उठती देख चालक ने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर कूदकर अपनी जान बचाई।

आग लगने के बाद डीसीएम के टायर फटने लगे, जिनके तेज धमाकों से पूरा कस्बा गूंज उठा और मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही संदना पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल के पहुंचने में देरी होती देख स्थानीय लोगों और पुलिस आग बुझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई। करीब आधे घंटे बाद दमकल टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

चालक सुनीत कुमार निवासी थाना मानपुर ने बताया कि वह रालामऊ स्थित दोना-पत्तल फैक्ट्री से वेस्ट मटेरियल लादकर सीतापुर जा रहा था। संदना कस्बे में पहुंचते ही इंजन में अचानक आग लग गई। इस घटना में केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया और उसमें रखे जरूरी दस्तावेज, कपड़े व अन्य सामान भी जल गया। चालक के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी हो सकती है, हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। थाना प्रभारी अरविंद कटियार ने बताया कि हादसे के बाद वाहन को किनारे करवाकर आवागमन शुरू करवा दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma