भगवा रंग में रंगा नरायनपुर, श्रीराम जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा
मीरजापुर, 25 मार्च (हि.स.)। सनातनी नववर्ष और श्रीराम जन्मोत्सव के अवसर पर बुधवार को नरायनपुर बाजार भगवा रंग में रंगा दिखा। यहां शोभायात्रा समिति, विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के तत्वावधान में भगवान श्रीराम की विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों रामभक्त शामिल हुए।
बैकुंठपुर स्थित शिव मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा मोटर मंडी, विशेषरपुर, जमालपुर, सब्जी मंडी, भितरी बाजार, रैपुरिया, शेरपुर और टीचर्स कॉलोनी होते हुए पटेल त्रिमोहानी नरायनपुर पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में जय श्रीराम के गगनभेदी नारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
शोभायात्रा में रथ पर सजे श्रीराम दरबार की आकर्षक झांकी, भगवान श्रीराम का भव्य कटआउट, कई डीजे, घोड़े और बाइक-कारों का काफिला आकर्षण का केंद्र रहा। भगवा झंडा-बैनर से सजे बाजार में श्रद्धालु झूमते-नाचते आगे बढ़ते रहे। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया, वहीं शर्बत, जल व अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।
शोभायात्रा का नेतृत्व जिला धर्माचार्य प्रमुख विवेकानंद तिवारी व यात्रा प्रमुख सागर पटेल ने किया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए नरायनपुर चौकी प्रभारी आशुतोष शुक्ला पुलिस बल के साथ पूरे यात्रा मार्ग में मुस्तैद रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मनीष अग्रहरी, सुमित जायसवाल, संतोष चौरसिया, अजय जायसवाल, गोविंद शंकर ओझा, शिव जायसवाल, मनोज गुप्ता समेत बड़ी संख्या में लोगों ने सहयोग किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा