जगन्नाथपुरी से आई श्रीकृष्ण रथयात्रा का मथुरा कृष्ण जन्मभूमि पर हुआ स्वागत

 


मथुरा, 08 अक्टूबर (हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराने के लिए देश की चारों दिशाओं के प्रमुख चारों धामों से मथुरा तक श्रीकृष्ण रथ यात्राएं निकालने के करीब तीन साल पुराने संकल्प के क्रम में आखिरी यात्रा का गुरुवार सुबह श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन के साथ समापन हो गया। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट के आह्वान पर संयुक्त भारतीय धर्म संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य राजेश्वर महाराज के सानिध्य में आए यात्रियों ने श्री कृष्ण जन्मभूमि के दर्शन किए।

आचार्य राजेश्वर महाराज ने यहां श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुक्त होने और मूल गर्भगृह स्थल पर भव्य-दिव्य मंदिर निर्माण होने के बाद ही श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे पहले वह श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन नहीं करेंगे। यात्रा में शामिल यात्रियों ने भी यही संकल्प लिया।

मार्च 2025 में द्वारका (गुजरात), अक्टूबर में बद्रीनाथ और दिसंबर में रामेश्वरम-पंढरपुर से श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष एवं हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट के आह्वान पर श्रीकृष्ण रथ यात्राएं संयुक्त भारतीय धर्म संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य राजेश्वर महाराज के सानिध्य में मथुरा पहुंची थीं। आखिरी यात्रा जगन्नाथपुरी (ओडिशा) से चलकर गुरुवार सुबह मथुरा पहुंची। यात्रा का हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह ने आचार्य राजेश्वर महाराज और उनके शिष्यों का स्वागत किया।

महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर को तोड़कर मूल गर्भ गृह स्थल के ऊपर मस्जिद का निर्माण आक्रांता औरंगजेब ने 1670 में करा दिया था। उन्होंने कहा कि 1670 से पहले जैसा भव्य मंदिर था, आने वाले समय में उससे भी भव्य मंदिर का मूल गर्भगृह स्थल पर पुनः निर्माण कराया जाएगा। कोई ताकत मूल गर्भ गृह स्थल पर पुनः मंदिर निर्माण होने से नहीं रोक पाएगी।

उन्होंने कहा कि इन यात्राओं के माध्यम से 40 से 50 हजार गांवों, शहरों और कस्बों में लोगों से संपर्क किया गया। चारों धामों से यात्राएं मथुरा पहुंची हैं और आने वाले समय में इससे भी बड़ी यात्राएं पुनः आरंभ की जाएंगी। अगली यात्रा की जल्द ही घोषणा की जाएगी। इसकी रणनीति तय की जा रही है।

आचार्य राजेश्वर महाराज ने कहा कि देश की चारों दिशाओं के प्रमुख चारों धामों से श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराने के लिए करीब तीन साल पहले श्री कृष्ण रथ यात्रा निकालने का संकल्प लिया था। आज वह संकल्प पूरा हो गया। श्रीकृष्ण जन्मभूमि का विषय आज देश के कोने-कोने में पहुंच चुका है। यात्रा के दौरान लोगों को जागरूक किया गया और श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास को भरपूर जन समर्थन मिला है। लाखों लोग यात्रा से जुड़े हैं।

उन्होंने कहा कि जिस दिन हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मूल गर्भगृह स्थल पर पुनः भव्य-दिव्य मंदिर का निर्माण करवा देंगे, उस दिन वह अपने अनुयायियों के साथ श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर के दर्शन करने के लिए आएंगे। इससे पहले वह यहां दर्शन करने नहीं आएंगे। इस मौके पर राम सिंह राजौरिया, मोहनलाल, राधेश्याम शर्मा, सुनील चौबीसा, प्रकाश गौड़, डा लता शर्मा, आशा शांडिल्य, रविराज शर्मा आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार