वर्ष के अंत तक वाराणसी शहर को मिलेगा 42.60 करोड़ की लागत का शॉपिंग कॉम्प्लेक्स
वाराणसी, 16 अक्टूबर (हि. स.)। वाराणसी के सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम के परिसर के बाहरी छोर पर 42.60 करोड़ की लागत से विकसित हो रहे शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को 2026 के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा। अभी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का कार्य बहुत तेजी से चल रहा है।
नगर निगम वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि वाराणसी नगर निगम द्वारा सिगरा कामर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य प्रगति पर है। शहर के शहरी विकास, आधुनिक व्यावसायिक सुविधाओं के विस्तार एवं आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करने की दिशा में यह परियोजना एक महत्वपूर्ण पहल है। लगभग 42.60 करोड़ की लागत से विकसित हो रहे इस कॉम्प्लेक्स में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, होटल, स्विमिंग पूल, गार्डन एवं मीटिंग हॉल जैसी आधुनिक सुविधाएं प्रस्तावित हैं। परियोजना के अंतर्गत फरवरी में उत्खनन कार्य पूर्ण होने, मार्च में राफ्ट कार्य पूर्ण कर रिटेनिंग वॉल का कार्य प्रारंभ होने तथा वर्तमान में बेसमेंट स्लैब की कास्टिंग प्रगति पर होने के साथ निर्माण कार्य निरंतर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि वाराणसी नगर निगम का यह प्रयास शहर में आधुनिक आधारभूत संरचना के विकास, व्यावसायिक अवसरों के सृजन एवं नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक कारगर कदम है। हम बहुत जल्द ही शहर को एक नया शॉपिंग कंपलेक्स देने जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद