फ्रिज में उतरे करंट से दुकानदार की मौत, परिवार में मचा कोहराम
मीरजापुर, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में देहात कोतवाली क्षेत्र के भटौली गांव में बुधवार रात फ्रिज में उतरे करंट की चपेट में आने से एक दुकानदार की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
भटौली गांव निवासी संजय गुप्ता घर के पास अंडे की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपने बड़े पुत्र शिवा के साथ ठेले पर सामान लेकर दुकान पहुंचे। दुकान पर सामान फ्रिज में रखते समय उसने बेटे को पानी लाने के लिए भेज दिया।
इसी दौरान फ्रिज में उतरे करंट की चपेट में आने से संजय गंभीर रूप से झुलस गया और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। कुछ देर बाद जब शिवा पानी लेकर लौटा तो पिता को जमीन पर पड़ा देख घबरा गया। उसने शोर मचाकर परिजन और आसपास के लोगों को सूचना दी।
ग्रामीणों और परिजन ने संजय को तत्काल कछवां स्थित क्रिश्चियन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
देहात कोतवाली प्रभारी निरीक्षक वृजेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फ्रिज में करंट उतरने से दुकानदार की मौत होने की बात सामने आई है। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा