मां विंध्यवासिनी के दरबार पहुंचे शिवपाल यादव, 51 किलो का घंटा किया अर्पित
मीरजापुर, 20 जुलाई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव सोमवार को मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर मां का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने मां को 56 भोग की थाली और 51 किलो का नया घंटा अर्पित किया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2013 में प्रदेश की तत्कालीन समाजवादी पार्टी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहते हुए शिवपाल यादव ने मां को 51 किलो का घंटा भेंट किया था। समय के साथ वह घंटा क्षतिग्रस्त हो गया था। इसकी जानकारी तीर्थ पुरोहित विजय बाबू मिश्रा ने उन्हें दी, जिसके बाद उन्होंने वाराणसी से नया 51 किलो का घंटा मंगवाकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां को समर्पित किया।
दर्शन-पूजन के बाद पत्रकारों से बातचीत में शिवपाल यादव ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और उत्तर प्रदेश की सरकार जनता पर अत्याचार कर रही है। लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का उल्लेख करते हुए कहा कि वह जनता की आवाज उठा रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी बात सुनने के बजाय उनके साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हर स्तर पर उनके साथ खड़ी है।
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा, मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद लेने आया हूं। मां का आशीर्वाद मिला है तो जीत भी निश्चित होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा