शक्तेशगढ़ आश्रम पहुंचे शिवपाल यादव, स्वामी अड़गड़ानंद का लिया आशीर्वाद

 


मीरजापुर, 20 जुलाई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं जसवंतनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव सोमवार को चुनार क्षेत्र स्थित शक्तेशगढ़ परमहंस आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने पीठाधीश्वर स्वामी अड़गड़ानंद महाराज का दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया और सत्संग में शामिल होकर प्रवचन सुना।

आश्रम में स्वामी अड़गड़ानंद महाराज के प्रवचन के दौरान शिवपाल यादव श्रद्धालुओं के बीच मौजूद रहे। प्रवचन के बाद उन्होंने कहा कि संतों का सान्निध्य मनुष्य के जीवन को सही दिशा देता है। आध्यात्मिक विचार समाज में शांति, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने स्वामी अड़गड़ानंद महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

इससे पहले शक्तेशगढ़ पहुंचने पर दुर्गाजी मोड़ बस स्टैंड पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और जोरदार नारेबाजी के साथ उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग उनके काफिले के साथ आश्रम तक पहुंचे।

इस अवसर पर पूर्व विधायक जगदंबा सिंह पटेल, प्रदेश सचिव रामराज सिंह पटेल, सपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. सुनील सिंह पटेल, शिवपूजन यादव, नगर अध्यक्ष मंत्री यादव, निजाम भाई, राजेश यादव, संतोष यादव सहित सैकड़ों की संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा