बढ़े मानदेय पर शिक्षामित्रों का सम्मान,मुख्यमंत्री योगी की हुई सराहना

 


मीरजापुर, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के विकास भवन सभागार में मंगलवार को शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़ा हुआ मानदेय वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने शिक्षामित्रों को प्रतीकात्मक चेक देकर सम्मानित किया और उन्हें बधाई दी। मुख्य कार्यक्रम गाेरखपुर में मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में हुआ और मीरजापुर में सजीव प्रसारण देखा व सुना गया।

मुख्य अतिथि नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि मानदेय बढ़ने से शिक्षामित्र और अधिक उत्साह के साथ कार्य करेंगे। मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य ने सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्यालयों में स्मार्ट क्लास व आईसीटी लैब से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। उन्होंने शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाकर 18 हजार रुपये किए जाने को सराहनीय कदम बताया। मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल से शिक्षामित्रों को सम्मानजनक मानदेय मिला है, जिससे उनके जीवन में नई उम्मीद जगी है। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षामित्रों ने भी सरकार के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मंडलायुक्त राकेश प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा सहित अन्य अधिकारी व बड़ी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा