ट्रेन की चपेट में आने से चरवाहे की मौत
मीरजापुर, 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में राजगढ़ थाना क्षेत्र के लूसा गांव में रविवार देर शाम ट्रेन की चपेट में आने से चरवाहे की मौत हो गई। हादसे के बाद घर पर गायें पहुंच गईं, लेकिन मुन्नीलाल के नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में निकले। रेलवे लाइन पर उनका क्षत-विक्षत शव मिला था।
थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्रा ने साेमवार काे बताया कि लूसा गांव निवासी 55 वर्षीय मुन्नीलाल खेती किसानी के साथ पशुपालन करते थे। परिवार के मुताबिक, रविवार को वह गाय चराने के लिए गांव के पास से गुजरने वाली चुनार-चोपन रेलवे लाइन की ओर गए थे। शाम को गायों को लेकर घर लौटते समय वह रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इधर, सभी गाय घर पहुंच गईं, लेकिन काफी देर तक मुन्नीलाल के घर नहीं आने पर परिजन परेशान हो गए। उन्होंने खोजबीन शुरू की तो रेलवे लाइन पर उनका शव पड़ा मिला। लूसा स्टेशन मास्टर ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची राजगढ़ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। सभी की शादी हो चुकी है। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत हुई है। शव काे पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच की जा रही है।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा