मीरजापुर : अजा एकादशी पर मां शीतला के दरबार में उमड़े श्रद्धालु
मीरजापुर, 07 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में हलिया क्षेत्र के गड़बड़ा धाम स्थित प्रसिद्ध मां शीतला मंदिर में सोमवार को अजा एकादशी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह मंदिर का कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की कतार लग गई। अजा एकादशी और सोमवार के संयोग से मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक उत्साह देखने को मिला।
मां शीतला के दरबार में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। भक्तों ने फूल-माला, चुनरी, नारियल, बताशा और प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर मां शीतला के जयकारों से गूंजता रहा।
स्थानीय क्षेत्र के अलावा आसपास के गांवों और पड़ोसी जनपदों से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। सोमवार होने के कारण कई भक्तों ने मां शीतला के दर्शन के साथ भगवान शिव का भी पूजन किया। श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर दान-पुण्य किया और परिवार के मंगल की कामना की।
मंदिर के पुजारी रजनीश पाण्डेय और मंगलधारी मिश्र ने बताया कि अजा एकादशी के अवसर पर करीब 25 हजार श्रद्धालुओं ने मां शीतला का दर्शन-पूजन किया। पूरे दिन भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा और जयकारों से गड़बड़ा धाम का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा