मुंडन मुहूर्त पर अदलपुरा बड़ी शीतला मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
- पूर्वांचल समेत बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से पहुंचे श्रद्धालु, 100 से अधिक बच्चों का हुआ मुंडन संस्कार
मीरजापुर, 09 जुलाई (हि.स.)। चुनार तहसील क्षेत्र स्थित अदलपुरा के प्रसिद्ध बड़ी शीतला माता मंदिर में गुरुवार को मुंडन के शुभ मुहूर्त पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूर्वांचल के वाराणसी, जौनपुर, भदोही, मीरजापुर, चंदौली और सोनभद्र के अलावा बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने बच्चों के साथ माता के दर्शन और मुंडन संस्कार के लिए पहुंचे।
श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में कढ़ाई चढ़ाकर पूड़ी, हलुआ, गुलगुला सहित विभिन्न पकवान तैयार किए और भक्ति गीत गाते हुए माता के गर्भगृह में पहुंचकर भोग अर्पित किया। पूरे दिन मंदिर परिसर जय माता दी के जयकारों से गूंजता रहा। महिला श्रद्धालुओं ने गोद में नवजात और छोटे बच्चों को लेकर माता शीतला को चुनरी, नारियल और प्रसाद अर्पित कर उनके स्वस्थ, सुखी और समृद्ध जीवन की कामना की।
शुभ मुहूर्त के अवसर पर मंदिर परिसर में 100 से अधिक बच्चों का वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ मुंडन संस्कार कराया गया। श्रद्धालुओं का मानना है कि बड़ी शीतला माता के दरबार में मुंडन संस्कार कराने से बच्चों को माता का आशीर्वाद प्राप्त होता है, वे निरोगी रहते हैं और बुरी नजर से रक्षा होती है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रशासन की ओर से पेयजल, बैठने तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे दर्शन और धार्मिक अनुष्ठान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा