शताब्दी एक्सप्रेस पर पत्थर फेंकने वाला तीसरा बाल अपचारी पकड़ा गया

 


फिरोजाबाद, 13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिराेजाबाद जिले की थाना रसूलपुर पुलिस टीम ने शनिवार को स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन पर पत्थर फेंकने के मामले में वांछित एक वांछित बाल अपचारी को पकड़ा है। इससे पहले उसके साथी दो बाल अपचारियों को पूर्व में पुलिस ने हिरासत में लिया था।

रसूलपुर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि लखनऊ से दिल्ली काे जाने वाली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन पर बीते गुरुवार की शाम काे मक्खनपुर और फिरोजाबाद रेलवे स्टेशनों के बीच पैमेश्वर गेट के पास कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने चलती ट्रेन पर पत्थर फेंका था।घटना के समय संघ प्रमुख माेहन भागवत भी इसी ट्रेन से यात्रा कर रहे थे।। हालांकि इस घटना में उन्हें या किसी अन्य यात्री काे काेई चाेट नहीं आई।

मामले की जानकारी हाेते ही जीआरपी-आरपीएफ, रेलवे प्रशासन के अलावा अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन एस के भगत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे सहित अन्य अधिकारियों ने घटना स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया था। अफसराें के निर्देश पर इस मामले की जांच के लिए थाना रसूलपुर, दक्षिण, लाइनपार, एसओजी सहित 10 पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीम ने रेलवे स्टेशन के आसपास लगे करीब 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज देखे।जिनमें रेलवे ट्रैक पर कूड़ा बीनने वाले तीन बाल आपचारियाें द्वारा ट्रैक से पत्थर उठाकर चलती ट्रेन पर फेंकना पाया गया था।जिससे ट्रेन के विन्डाे का ग्लास टूट गया था।

थाना रसूलपुर पुलिस टीम ने शुक्रवार को इस मामले में गहन जांच पड़ताल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दाे बाल अपचारियों को हिरासत में लिया था। जबकि एक की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने शनिवार को वांछित तीसरे बाल अपचारी को लालपुर मण्डी के पास से पकड़ लिया। उसके खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़