काशी में धूमधाम से मनाया जाएगा शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज का 57 वां जन्म दिवस
वाराणसी, 13 अगस्त(हि. स.)। काशी में संतों और शंकराचार्य के शिष्यों की ओर से शुक्रवार को ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगदगुरू शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का 57 वां जन्म दिवस धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। उक्त जानकारी गुरुवार को शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने दी।
संजय पाण्डेय ने बताया कि पूज्य शंकराचार्य जी महाराज के जन्म दिवस के पावन अवसर पर पूरे देश व विदेश में शंकराचार्य के शिष्यों द्वारा वृहद विविध धार्मिक आयोजन एवं अनुष्ठान सम्पन्न किए जाएंगे। 14 अगस्त को काशी में शंकराचार्य घाट स्थित श्रीविद्यामठ में प्रातः आठ बजे वैदिक आचार्यों द्वारा शंकराचार्य के दीर्घायु जीवन एवं उत्तम स्वास्थ्य हेतु रुद्राभिषेक सम्पन्न कराया जाएगा, जिसके पश्चात शंकराचार्य के चरणपादुका का पूजन, उनके चित्र पर माल्यार्पण और वेदपाठ किया जाएगा। 11:45 बजे से दंडी संन्यासियों का महाभंडारा शुरू होगा, जिसके पश्चात भक्तगण प्रसाद ग्रहण करेंगे।
ज्ञातव्य है कि इस समय छत्तीसगढ़ के बेमतरा जिले स्थित सपाद लक्ष्मेश्वर धाम सलधा में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का चातुर्मास्य व्रत अनुष्ठान सम्पन्न हो रहा है। जहां सवा लाख शिवलिंग का, विश्व के सबसे बड़े शिव मंदिर का निर्माण हो रहा है। शंकराचार्य के चातुर्मास्य व्रत अनुष्ठान के दौरान प्रतिदिन विविध आध्यात्मिक आयोजन पूर्ण किए जाते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / शरद