बाइक की चिंगारी से खेतों में लगी आग, कई बीघे की फसल जली

 


औरैया, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र स्थित गांव आधासी और गांव भर्रापुर के बीच बम्बा के पास रविवार दोपहर बाइक से निकली चिंगारी के कारण खेतों में खड़ी फसल में आग लग गई। इसकी वजह से किसानों की कई बीघा फसल जलकर राख हो गई।

ग्राम बल्लापुर निवासी ध्रुव यादव की लगभग 1 बीघा, अधासी ग्राम निवासी दिनेश की 3 बीघा, शुभम मिश्रा और रामसुख की भी इसी आग में फसल जलकर नष्ट हो गई। इसके अलावा पुष्पेंद्र, देवेंद्र और धर्मेंद्र की लगभग 1 बीघा फसल भी आग की चपेट में आ गई।

पीड़ित ग्रामीणों का कहना है कि खेत में खड़ी फसल के पास खड़ी एक बाइक से अचानक चिंगारी निकली, जिसने सूखी फसल को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि किसान संभल भी नहीं सके। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक अधिकांश फसल जलकर राख हो चुकी थी। इस दौरान खेत में खड़ी एक बाइक भी पूरी तरह जल गई। घटना के बाद किसानों में भारी मायूसी है। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) तेजवीर सिंह ने बताया कि मोटरसाइकिल चिंगारी से निकली चिंगारी से किसानों की किसानों की गेहूं फसल में आग लगी थी, जिस पर काबू पा लिया है। राजस्व विभाग की टीमें किसानों के नुकसान का आकलन कर रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार