मीरजापुर : लालगंज में भारी बारिश से सात गांव जलमग्न, 45 लोगों को रेस्क्यू कर राहत शिविर पहुंचाया
- डीएम ने मौके पर पहुंचकर संभाली राहत-बचाव की कमान, प्रभावित परिवारों को भोजन, पानी और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश
मीरजापुर, 18 अगस्त (हि.स.)। लालगंज तहसील क्षेत्र में लगातार हुई भारी बारिश के बाद जलभराव से सात गांव प्रभावित हो गए। हालात की जानकारी मिलते ही मंगलवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ राहत सामग्री और जरूरी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
भारी बारिश से सबसे अधिक प्रभावित दिघुली गांव में एसडीआरएफ की टीम ने अभियान चलाकर 45 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी को राम हरख इंटर कॉलेज में बनाए गए राहत शिविर में पहुंचाया गया।
जिलाधिकारी ने शिविर में रह रहे लोगों के लिए भोजन, पेयजल, बिस्तर समेत अन्य आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि राहत शिविर में प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को प्रकाश व्यवस्था, शौचालय और साफ-सफाई की लगातार निगरानी करने को कहा। विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में जनरेटर की व्यवस्था कर शिविर में रोशनी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी और तहसीलदार लालगंज को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवारों के लिए लंच पैकेट अथवा भोजन, स्वच्छ पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। उन्होंने राहत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और जरूरतमंदों तक तत्काल सहायता पहुंचाने पर जोर दिया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने बड़गड़ गांव का भ्रमण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से स्थिति की जानकारी लेते हुए प्रभावित लोगों को आवश्यक राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सिंह, तहसीलदार विशाल कुमार और आपदा विशेषज्ञ अंकुर गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा