सेवा संकल्प अभियान के तहत जौनपुर में रक्तदान शिविर, राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने किया उद्घाटन
जौनपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवाकाल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने किया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति और जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. समेत अन्य लोग मौजूद रहे।राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि रक्तदान महादान है और इसका कोई विकल्प नहीं है। रक्त की आवश्यकता को केवल मानव रक्तदान के माध्यम से ही पूरा किया जा सकता है। एक व्यक्ति का रक्तदान कई जरूरतमंद लोगों की जिंदगी बचाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने स्वस्थ युवाओं और जिले के नागरिकों से आगे बढ़कर रक्तदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने गरीब कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य नागरिकों को विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। राज्यमंत्री ने रक्तदान करने वाले युवाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव