सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर
मीरजापुर, 15 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कलेक्ट्रेट सभागार में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, यूट्यूबर्स और डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा बताई।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम है। इन्फ्लुएंसर सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों, पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों, सक्सेस स्टोरी और अनकही कहानियों को अपने प्लेटफार्म के जरिए जन-जन तक पहुंचाएं।
मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने अभियान के कार्यक्रमों की जानकारी दी। 17 सितंबर को सेवा दिवस के तहत मंडलीय अस्पताल में रक्तदान शिविर, दिव्यांग कल्याण कार्यक्रम और घरों व प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन होगा। 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक विद्यालयों और कॉलेजों में ड्राइंग, क्विज व निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत नुक्कड़ नाटक और सफलता की कहानियां सामने लाई जाएंगी। 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, पोषण और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम होंगे। ‘सेवा की कहानी’ अभियान में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों पर एक-दो मिनट की रील और शॉर्ट वीडियो तैयार किए जाएंगे।
सात अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा, बाइक व साइकिल रैली, एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री के संबोधन का प्रसारण और विकसित भारत-2047 का संकल्प होगा। छह अक्टूबर को राजकीय इंटर कॉलेज महुवरिया में 108 मीटर व्यास की भव्य रंगोली बनाई जाएगी। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय सहित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा