शिविर लगाओ, टीकाकरण बढ़ाओ: मण्डलायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को दिए सख्त निर्देश

 


मीरजापुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। विन्ध्याचल मण्डल के मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश ने शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे प्रत्येक ब्लॉक में नियमानुसार शिविर लगाकर शतप्रतिशत बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि टीकाकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रगति में सुधार के लिए ठोस प्रयास किए जाएं।

स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए वित्तीय स्थिति, एचएमआईएस, आरसीएच, एनसीडी, आभा आईडी (ई-कवच), कम्युनिटी प्रोसेस, शहरी स्वास्थ्य मिशन, क्वालिटी एश्योरेंस तथा राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम की उपलब्धियों का आकलन किया गया। कम प्रगति वाले बिंदुओं पर 15 दिनों के भीतर सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

आयुष्मान भारत योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए मण्डलायुक्त ने अधिक से अधिक गोल्डन कार्ड बनाने के निर्देश दिए। साथ ही शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों की आभा आईडी बनवाने पर विशेष जोर दिया।

होली पर्व के मद्देनजर सभी सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों में चिकित्सकों की समय से उपस्थिति, जीवन रक्षक दवाओं, उपकरणों और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मण्डल में संचालित सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित निगरानी और समीक्षा प्रत्येक स्तर पर अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा