मीरजापुरः 16 नवंबर से स्वगणना, जनगणना में जातिगत आंकड़े भी होंगे शामिल
- फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण पूरा
मीरजापुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत जीडी बिन्नानी महाविद्यालय के सभागार में फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुक्रवार को संपन्न हुआ। सात से नौ अक्टूबर तक चले प्रशिक्षण में जनगणना की निर्धारित प्रक्रियाओं, प्रपत्रों और दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने प्रशिक्षुओं को सूचनाओं का शुद्ध और त्रुटिरहित संकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। फील्ड ट्रेनर अपने अधीनस्थ प्रगणकों और संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण में मिली जानकारी स्पष्ट रूप से दें।
उन्होंने समयबद्धता, पारदर्शिता और निर्धारित मानकों का पालन करते हुए जिम्मेदारी से कार्य करने पर जोर दिया। जनगणना के दौरान आने वाली समस्याओं का नियमानुसार समाधान करने और जरूरत पड़ने पर उच्चाधिकारियों से मार्गदर्शन लेने को भी कहा। जिलाधिकारी ने बताया कि 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया निर्धारित है। इस बार जनगणना में परिवारों के सूचीकरण के साथ सदस्यों की जानकारी संकलित की जाएगी और जातिगत गणना भी शामिल होगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सिंह, प्रशिक्षक और संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।----------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा