अदाणी पावर प्लांट में 24 घंटे के भीतर दूसरी मौत, मजदूरों में दहशत
मीरजापुर, 20 मई (हि.स.)। मड़िहान थाना क्षेत्र स्थित ददरी गांव के निर्माणाधीन अदाणी पावर प्लांट में 24 घंटे के भीतर दूसरी मौत होने से मजदूरों में दहशत फैल गई है। बुधवार को ट्रक से लोहे की प्लेट उतारते समय भारी चद्दर के नीचे दबकर एक खलासी की मौत हो गई। इससे एक दिन पहले प्लांट परिसर में एक कर्मचारी का शव फंदे से लटका मिला था।
जानकारी के अनुसार बिहार के नवादा जनपद निवासी चालक मोहम्मद अप्सर आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से ट्रक में भारी लोहे की प्लेट लादकर प्लांट में माल उतारने पहुंचा था। ट्रक के साथ आया 27 वर्षीय खलासी छोटू शाह पुत्र मोहम्मद अनवर शाह ट्रक का पिछला डाला खोल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डाला खुलते ही ट्रक में लदी भारी लोहे की प्लेट तेजी से फिसलकर उसके ऊपर जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
साथी कर्मचारियों ने क्रेन की मदद से प्लेट हटाकर घायल छोटू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरएस वर्मा ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए परिजन को सूचना दे दी है।
उधर, मंगलवार रात प्लांट में कार्यरत पश्चिम बंगाल निवासी 35 वर्षीय कमल पुत्र कंचन का शव फंदे से लटका मिला था। वह परिवार से दूर मीरजापुर में रहकर नौकरी कर रहा था। बताया गया कि शाम तक वह सामान्य रूप से काम कर रहा था, लेकिन देर रात उसका शव मिलने से कर्मचारियों में चीख-पुकार मच गई थी। लगातार दो मौतों के बाद प्लांट परिसर में भय और मातम का माहौल बना हुआ है।
थाना प्रभारी बाल मुकुंद मिश्र ने बताया कि दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा