मीरजापुर में 5 से 12 जुलाई तक चलेगी विज्ञान बस, छात्र करेंगे प्रयोगों के जरिए विज्ञान की पढ़ाई
मीरजापुर, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा प्रदेश के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से तैयार की गई विज्ञान बस का संचालन जनपद में 5 से 12 जुलाई तक किया जाएगा। इस बस का निर्माण एवं संचालन आईआईटी कानपुर द्वारा किया जा रहा है।
जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक सुशील कुमार पाण्डेय ने बताया कि जनपद में विज्ञान बस के संचालन के लिए जिलाधिकारी के माध्यम से प्रमुख सचिव, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को पत्र भेजा गया था। परिषद ने फिलहाल 5 जुलाई से 12 जुलाई तक विज्ञान बस के संचालन की स्वीकृति प्रदान की है।
उन्होंने बताया कि विज्ञान बस में कक्षा 6 से 12 तक के सभी बोर्डों के विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम के अनुरूप भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीवविज्ञान, गणित और खगोल विज्ञान से जुड़े हैंड्स-ऑन प्रयोग उपलब्ध हैं। इसके अलावा आईआईटी कानपुर द्वारा तैयार की गई लगभग 300 शैक्षणिक लघु फिल्में भी बस में प्रदर्शित की जाएंगी। बस में लगी 75 इंच की एलईडी स्क्रीन के माध्यम से विद्यार्थी वैज्ञानिक प्रयोगों की विधि को समझ सकेंगे और स्वयं प्रयोग कर सीखेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से विज्ञान बस के संचालन के लिए विद्यालयों को कार्यक्रम भेज दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 5 जुलाई को जयप्रकाश नारायण विद्यालय, परसिया (विंध्याचल), 6 व 7 जुलाई को द्वारका प्रसाद बजाज एजुकेशन सेंटर, विंध्याचल रोड, 8 जुलाई को दिल्ली पब्लिक स्कूल, भरूहना, 9 व 10 जुलाई को पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में विज्ञान बस पहुंचेगी। यहां स्व. काशीराम राजकीय इंटर कॉलेज, आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, बीएलजे इंटर कॉलेज, श्री माता प्रसाद माता भीख इंटर कॉलेज तथा गुरु नानक इंटर कॉलेज के विद्यार्थी भी भाग लेंगे।
इसके बाद 11 जुलाई को एस. जुबली इंटर कॉलेज तथा 11 एवं 12 जुलाई को आदर्श इंटर कॉलेज, बिसुंदरपुर में विज्ञान बस का संचालन होगा। इस दौरान छात्र-छात्राएं वैज्ञानिक प्रयोगों को स्वयं करके विज्ञान को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर प्राप्त करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा