स्कूल का गेट गिरने से दो मासूम बच्चे दबे, एक की हालत गंभीर
मीरजापुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में राजगढ़ विकासखंड के ददरा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय का जर्जर मुख्य गेट सोमवार सुबह अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इस दाैरान वहां खेल रहे दो मासूम बच्चे उसकी चपेट में आकर घायल हो गए। चार वर्षीय शिवांश की हालत गंभीर होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ से जिला अस्पताल सोनभद्र रेफर किया गया, जबकि तीन वर्षीय नैना को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घटना खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के ठीक पास हुई। प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और खंड शिक्षा अधिकारी का कार्यालय एक ही परिसर में संचालित होते हैं और सभी के लिए एक ही प्रवेश द्वार है। सोमवार करीब 11:30 बजे गेट के पास खेल रहे उक्त दोनों बच्चे अचानक गेट गिरने से नीचे दब गए। स्कूल स्टाफ ने उन्हें बाहर निकाला और घर भेज दिया। परिजन बच्चों को लेकर अस्पताल पहुंचे।
घटना से आक्रोशित अभिभावकों ने विद्यालय पहुंचकर हंगामा किया और खंड शिक्षा अधिकारी संजय यादव पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि गेट महीनों से जर्जर था, बावजूद इसके मरम्मत नहीं कराई गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि परिसर में शौचालय के गड्ढे खुले पड़े हैं, जिनमें कुछ दिन पूर्व एक बच्चा गिर चुका है। अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर कदम उठाने की मांग की।
इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी संजय यादव ने बताया कि गेट जर्जर हो चुका था और अचानक गिर गया। दोनों बच्चों का उपचार कराया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा