स्कूल चलो अभियान का शुभारम्भ, जनप्रतिनिधियों व डीएम ने दिखाई हरी झंडी

 




मीरजापुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। एक से 15 अप्रैल तक चलने वाले प्रथम चरण के स्कूल चलो अभियान का शुभारम्भ बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य कार्यक्रम के साथ हुआ। जिसका उद्घाटन राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहनलाल श्रीमाली, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या, छानबे विधायक रिंकी कोल एवं जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

इस दौरान विगत सत्र में सर्वाधिक नामांकन करने वाले 10 विद्यालयों तथा निपुण अभियान के तहत चयनित 375 विद्यालयों में से 100 प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट से छात्र-छात्राओं की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो बीएसए कार्यालय पर समाप्त हुई।

मुख्य अतिथि सोहनलाल श्रीमाली ने कहा कि स्कूल खुलने से बच्चों में उत्साह का संचार होता है और शिक्षक भी पूरे मनोयोग से शिक्षण कार्य में जुटते हैं। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर उन्हें आगे बढ़ाने की अपील की। नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर बच्चा स्कूल जाए और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर देश-प्रदेश का नाम रोशन करे।

मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सुधारों की सराहना करते हुए कहा कि आज विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति और शिक्षा का स्तर बेहतर हुआ है। वहीं मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या ने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यही अभियान का उद्देश्य है। छानबे विधायक रिंकी कोल ने बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह, बीएसए अनिल वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी वाणी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा