स्कूल बस ने दूसरी कक्षा के छात्र को कुचला, मौत, ग्रामीणों ने विद्यालय में की तोड़फोड़
मथुरा, 16 जुलाई(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में जैंत थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव राल में गुरुवार तिलक सिंह इंटर कॉलेज के पास स्कूल बस चालक की घोर लापरवाही के कारण दूसरी कक्षा के एक मासूम छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित चालक बस समेत मौके से फरार हो गया। नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की।
गांव पेलखू निवासी मासूम छात्र नितिन (कक्षा 2) गुरुवार सुबह रोजाना की तरह स्कूल बस से तिलक सिंह इंटर कॉलेज पहुंचा था। जैसे ही बस रुकी, नितिन नीचे उतरने लगा। अभी मासूम पूरी तरह से बस से नीचे पैर भी नहीं रख पाया था कि चालक ने लापरवाही से अचानक बस आगे बढ़ा दी। नितिन बस के पिछले पहिए की चपेट में आ गया और गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मासूम नितिन की मौत की खबर जैसे ही परिजनों और ग्रामीणों तक पहुंची, पूरे इलाके में कोहराम मच गया। भारी संख्या में आक्रोशित ग्रामीण और परिजन कॉलेज परिसर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। गुस्साए लोगों ने कॉलेज के मुख्य गेट, खिड़कियों के शीशे और अन्य सामान में जमकर तोड़फोड़ की। देखते ही देखते पूरे कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी और भारी तनाव का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही जैंत थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, माहौल बिगड़ता देख मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भी बुला लिया गया। पुलिस के आला अधिकारियों ने परिजनों को ढांढस बंधाया और आरोपित चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने का भरोसा दिया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आ सकी।
जैंत थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि परिजनों की तरफ से मिले प्रार्थना पत्र के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार बस चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार